निनौरा में मुख्यमंत्री श्री चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शाह द्वारा जनसम्पर्क विभाग की प्रदर्शनी का उदघाटन

अंतर्राष्ट्रीय विचार महाकुंभ निनौरा में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने दीप प्रज्जवलन कर प्रदर्शनी का उदघाटन किया। इन्होंने महाकुंभ स्थल का भी अवलोकन किया। इस दौरान परिवहन मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह, सांसद श्री अनिल माधव दवे, सांसद श्री नंदकुमार सिंह चौहान, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा, इंदौर महापौर श्रीमती मालिनी गौड़ भी उपस्थित थीं।

उदघाटन के बाद अतिथियों ने जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही अंतर्राष्ट्रीय विचार महाकुंभ में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इन प्रदर्शनियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की विकास-गाथा के साथ ही विभिन्न विभाग द्वारा संचालित शासन की जन-हितकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में शासन की योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों की कहानियों को भी प्रदर्शित किया गया है। साथ ही विश्व में भारत के योगदान को भी दर्शाया गया। आदिकाल में मानव सभ्यता के प्रारंभ से वर्तमान समय तक भारत ने पूरे विश्व को ज्ञान की जो परिभाषा सिखाई है उसे भी प्रदर्शनी में दर्शाया गया है।

अतिथियों ने महिला बाल विकास, स्वच्छता, हस्तशिल्प, कृषि, जलवायु परिवर्तन, महिला सशक्तिकरण, संस्कृति, मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद आदि विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में प्रदर्शित विषयों की प्रशंसा की। प्रदर्शनी मध्यप्रदेश माध्यम द्वारा लगाई गई है।